कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को रामपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कोरबा प्रेस क्लब के विकास के लिए 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान पूरे राज्य में है और पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। इसकी गरिमा बनाए रखना हर पत्रकार का दायित्व है।
श्री साव ने अपने संबोधन में कहा, “निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। एआई और नई तकनीक के इस दौर में पत्रकारिता का स्वरूप बदल रहा है। ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से इस क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। बड़ी संख्या में युवा इस पेशे से जुड़ रहे हैं जो समाज में जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।” उन्होंने प्रेस क्लब की गतिविधियों और समय-समय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी सराहना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार निर्भीक होकर अपने दायित्व निभाते हैं। जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है। पत्रकारिता निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों के साथ होनी चाहिए।
समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित थे। महापौर संजू देवी राजपूत और जयसिंह अग्रवाल ने भी नई कार्यकारिणी को बधाई दी।
नई कार्यकारिणी
इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान उपाध्यक्ष राजकुमार शाह सचिव दिनेश राज उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा ‘(मिट्ठू’), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

