रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब शासकीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G और स्कूल शिक्षा विभाग की राशि का अभिसरण किया जाएगा।
इस योजना के तहत प्रत्येक अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण के लिए स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से *1 लाख रुपये* की राशि प्रदान की जाएगी। इस संबंध में VB-G RAM G के आयुक्त और लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
375 कार्यों की सूची में शामिल
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा लागू योजना के अंतर्गत 375 अनुमेय कार्यों की सूची में क्रमांक 166 पर शासकीय विद्यालयों के लिए अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण को शामिल किया गया है। अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता और स्कूलवार सूची लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
कितनी होगी लागत?
– प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूल: 7.09 लाख रुपये प्रति कक्ष का प्राक्कलन निर्धारित किया गया है।
– हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल: 10.63 लाख रुपये प्रति कक्ष का प्राक्कलन ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की दरों के आधार पर तैयार किया गया है। दोनों ही मामलों में 1-1 लाख रुपये शिक्षा विभाग देगा, शेष राशि VB-G RAM G से वहन होगी।
ग्रामसभा की मंजूरी जरूरी
निर्देशों के अनुसार सभी निर्माण कार्य ग्रामसभा के अनुमोदन और योजना के दिशा-निर्देशों के अधीन कराए जाएंगे। जिला और विकासखंड स्तर पर निर्धारित व्यय प्रतिशत सुनिश्चित करने के साथ कार्यस्थलों की तकनीकी उपयुक्तता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी कार्यों की स्वीकृति SECURE सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रदान की जाएगी।








