उरगा थाना पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त
कोरबा, 04 जुलाई (करतला टाइम्स)। उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद में एक युवक की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी *तुषार ढांडा* को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात लगभग 11 बजे दीपका थाना क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी *विकास हुड्डा* का जन्मदिन मनाने के लिए मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान तुषार ढांडा और *उज्ज्वल कुमार सिंह* के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान तुषार ढांडा गुस्से में अपने बोलेरो कैंपर वाहन में बैठा और वाहन सीधे उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया।
गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को साथी तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

