करतला / कोरबा, 21 अक्टूबर। कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र के लिए मंगलवार की सुबह खुशखबरी लेकर आई। बीट लबेद के ग्राम साजापानी के जंगल में हाथियों के झुंड में एक नन्हे शावक का जन्म हुआ है।
गश्त के दौरान मिली जानकारी
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे हाथी ड्यूटी और गश्त पर तैनात कर्मचारियों ने झुंड में नवजात शावक को देखा। तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
ड्रोन से रखी जा रही नजर
माँ और नवजात शावक की सुरक्षा को लेकर विभाग ने विशेष सतर्कता बरती है। जंगल में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है ताकि झुंड को किसी प्रकार की बाधा न हो। विभाग का कहना है कि इस समय प्राथमिकता जंगली हाथियों को उनके प्राकृतिक रहवास में बिना छेड़छाड़ के रहने देना है।
ग्रामीणों से की गई अपील
वन विभाग ने आसपास के गांवों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई है। ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि साजापानी और आसपास का क्षेत्र हाथियों की नियमित आवाजाही वाला क्षेत्र है।

