कोरबा, 19 नवंबर। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया जाएगा। इसको लेकर शहर के बाजारों में अभी से रौनक आ गई है।
बाजार में जगह-जगह गन्ने के ढेर लगे हुए हैं। लोग तुलसी विवाह के लिए गन्ना, पूजा की सामग्री और दूसरी चीजों की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानें सज गई हैं।
मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी दिन से चातुर्मास खत्म हो जाता है। और शादी-ब्याह जैसे शुभ कामों की शुरुआत हो जाती है।
इस दिन घरों में तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। लोग सुबह नहा-धोकर व्रत रखते हैं। घर में मंडप सजाया जाता है। शाम को गेरू और चावल के घोल से चौक बनाया जाता है। फिर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा होती है। पूजा में गन्ना, चावल, सूखी लाल मिर्च और दूसरी सामग्री चढ़ाई जाती है।
देवउठनी के साथ ही गन्ने की नई फसल की कटाई भी शुरू हो जाती है। इसी वजह से बाजार में गन्ने की आवक बढ़ गई है।

