कोरबा। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में विकासखंड करतला अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति केरवाद्वारी में धान खरीदी की शुरुआत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ हुई। रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया की मौजूदगी में चार किसानों से कुल 165.20 क्विंटल धान की खरीदी कर बोहनी की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक फूलसिंह राठिया ने धान खरीदी की शुरुआत में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में करतला जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा, भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष करतला आकाश गुप्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष आकाश सक्सेना, पीयूष गुरुद्वान एवं शाखा प्रबंधक सतीश राठौर सहित समिति के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
धान खरीदी के पहले दिन भगवती बाई से 45.20 क्विंटल, महेंद्र कुमार से 40 क्विंटल, लीलाराम से 48 क्विंटल और रामधन से 32 क्विंटल धान खरीदा गया। इस तरह कुल चार किसानों से 165.20 क्विंटल धान की खरीदी कर उपार्जन केंद्र में बोहनी की गई।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत केरवाद्वारी, बांधापाली, पिड़िया, नोनबिर्रा, डोंगाआमा और सेंद्रीपाली के सरपंचों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक ईश्वर राठिया, मजीद खान, राजेंद्र राठिया, छेदुलाल, गणेशाराम, लक्ष्मीनारायण (बैगा), इंद्रपाल, रामचंद्र और मनमोहन राठिया भी मौजूद रहे।
धान खरीदी की शुरुआत को यादगार बनाने के लिए पारंपरिक कर्मा नृत्य का आयोजन किया गया। कर्मा नृत्य की थाप के बीच किसानों और अतिथियों का स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

