रायपुर/कोरबा, 3 सितंबर (करतला टाइम्स)। कोरबा जिले के सीतामणी क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामणी, कोरबा से उरगा तक लगभग 10 किलोमीटर टू-लेन सड़क के निर्माण की मांग की है।
मंत्री देवांगन ने 1 सितंबर को लिखे पत्र क्रमांक 499 में कहा है कि वर्तमान में सीतामणी से उरगा की ओर भारतमाला परियोजना तक सुगम और व्यवस्थित संपर्क मार्ग नहीं होने से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक इस मार्ग से आवागमन करते हैं।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस संपर्क मार्ग के अभाव में लोगों को दूसरे लंबे रास्तों से जाना पड़ता है, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ जाती है। आपातकालीन स्थिति में भी आवागमन में कठिनाई होती है।
मंत्री ने जनहित और क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक व आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए इस 10 KM सड़क को भारतमाला परियोजना में जोड़ते हुए स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।

