कोरबा, 25 सितंबर 2026 – सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम अंतर्गत 24 सितंबर को जिले के सभी विकासखंडों में शिक्षा दान रथ निकाला गया था। रथ के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए नागरिकों और इच्छुक दानदाताओं से स्वेच्छा से कॉपी-किताब, पाठ्यपुस्तकें, नवोदय प्रवेश परीक्षा, नीट, जेईई, पीएससी, यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें दान करने की अपील की गई थी।
इसी बीच पाली विकासखंड के संकुल शैक्षिक समन्वयक अशोक कुमार भारद्वाज द्वारा संकुल के व्हाट्सएप ग्रुप में शिक्षा दान रथ के लिए सभी शिक्षकों से 200 रुपये सहयोग राशि देने की सूचना प्रसारित करने का मामला सामने आया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा दान रथ अथवा “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के लिए शिक्षकों से 200 रुपये या किसी भी प्रकार की अनिवार्य सहयोग राशि लिए जाने का कोई आदेश डीईओ कार्यालय द्वारा जारी नहीं किया गया है। डीईओ ने उक्त भ्रामक सूचना का खंडन किया है।
प्रकरण में श्री भारद्वाज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








