पहाड़ी बकरा एडवेंचर के प्रशिक्षण से आदिवासी युवाओं ने रचा इतिहास, साहसिक पर्यटन में छत्तीसगढ़ को मिली नई पहचान
जशपुर, 21 नवंबर – करतला टाइम्स। जशपुर के साहसिक युवाओं ने हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई कर नया इतिहास रच दिया है। इन युवाओं ने जिस नए रूट से चोटी फतह की, उसका नाम *’विष्णु देव रूट’* रखा गया है।
इस साहसिक पहल की शुरुआत वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में हुई थी। उद्देश्य था – जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता और भौगोलिक विशेषताओं का उपयोग कर स्थानीय आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को निखारना और उन्हें पर्यटन आधारित रोजगार से जोड़ना।
इस मिशन को धरातल पर उतारने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग संस्था *पहाड़ी बकरा एडवेंचर* ने अहम भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को शुरुआती स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण दिया। जिला प्रशासन के सहयोग से साहसिक पर्यटन के दीर्घकालिक विकास की कार्ययोजना भी तैयार की गई।
निरंतर प्रशिक्षण, अभ्यास और मार्गदर्शन से इन युवाओं ने अपनी तकनीकी दक्षता विकसित की और राष्ट्रीय स्तर के अभियानों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अब हिमालय की ऊंची चोटी पर ‘विष्णु देव रूट’ बनाकर जशपुर के युवाओं ने पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर दिया है।

