राजनांदगांव, 20 नवंबर – करतला टाइम्स। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण में प्रभावी भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत भैंसातरा के आश्रित ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल की समस्या का समाधान हुआ है।
ग्राम पंचायत भैंसातरा की सरपंच अंजली वर्मा ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव में पेयजल के लिए स्थापित सोलर ड्यूल पंप पिछले कुछ दिनों से बंद है। पंप बंद होने से ग्रामीणों को पानी के लिए परेशानी हो रही थी।
शिकायत मिलने के बाद क्रेडा विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। विभाग ने सोलर ड्यूल पंप की तकनीकी खराबी को दूर कर मरम्मत कराई और पंप को फिर से चालू किया।
क्रेडा विभाग की जिला अधिकारी पूर्णिमा गुप्ता ने बताया कि पंप के सुचारू रूप से संचालित होने से ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल आपूर्ति फिर से बहाल हो गई है। इससे ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकता के लिए पानी मिलने में सुविधा हो रही है।

