कोरबा। सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने नकली नोट खपाने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है, जिसके बाद मुख्य आरोपी तक पुलिस पहुंची।
पुलिस के अनुसार 20 अक्टूबर की रात सुभाष चौक के पास मुखबिर की सूचना पर नाबालिग को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 200-200 रुपये के 15 नकली नोट मिले। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसे ये नोट मानस नगर निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ सिक्कू ने दिए थे। उसने कुल 16 नोट दिए थे, जिसमें से एक वह एक गुपचुप ठेले वाले को दे चुका था।
नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार किया। उसके घर से नोट छापने में इस्तेमाल किया जाने वाला प्रिंटर भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी अभिषेक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 नवंबर तक जेल भेज दिया गया है, वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी कब से नोट छाप रहा था और अब तक कितने नोट बाजार में खपा चुका है।

