कोरबा। रजगामार इलाके से 19 अक्टूबर को लापता हुई 7 साल की बच्ची भव्या जोशी की लाश चौथे दिन बरामद हुई है। बच्ची की लाश उसी पोल्ट्री फार्म के पीछे मिली है, जहां उसके पिता काम करते हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी मौके पर पहुंचे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, भव्या अपने पिता प्रकाश जोशी के साथ रजगामार बस्ती में रहती थी। प्रकाश मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम फगुरम का रहने वाला है और करीब 4 महीने पहले अपने 4 बच्चों के साथ रजगामार आया था। वह यहां करीम पोल्ट्री फार्म में काम कर परिवार का पालन-पोषण करता है।
पिता के मुताबिक, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बेटी “राशन दुकान जा रही हूं” कहकर घर से निकली थी, उसके बाद वापस नहीं लौटी। उस वक्त पिता सो रहा था। नींद खुलने पर बेटी को घर में न पाकर तलाश शुरू की, गांव और आसपास खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। फिर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी और रजगामार चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और डीएसपी प्रतिभा मरकाम ने भी गांव पहुंचकर जांच की। खोज के लिए पुलिस डॉग ‘बाघा’ की भी मदद ली गई। डॉग पास की नदी तक जाकर रुक गया, जिससे आशंका जताई गई कि बच्ची नदी तक आई थी।
आज चौथे दिन पोल्ट्री फार्म के पीछे लाश मिलने से मामला और उलझ गया है। 3 दिन तक मासूम कहां और किसके पास थी, उसके साथ क्या हुआ? यह रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

