बेमेतरा। जिले में आज से धान खरीदी महापर्व की विधिवत शुरुआत हो गई। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं खुद मोहतरा और बिलई धान उपार्जन केंद्र पहुंचीं और पूजा-अर्चना कर खरीदी का शुभारंभ किया।
शुभारंभ के मौके पर कलेक्टर ने किसानों को शाल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। प्रबंधकों से तौल, टोकन और भुगतान की व्यवस्था की जानकारी ली और किसानों से सीधे बात की।
सभी केंद्रों में एक साथ शुरू हुई खरीदी
कलेक्टर के निर्देश पर आज जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में एक साथ खरीदी शुरू हुई। सुबह से ही किसान अपनी धान लेकर केंद्रों में पहुंचने लगे। किसानों में इस बार खासा उत्साह दिखा।
पारदर्शिता पर सख्त निर्देश
कलेक्टर ने केंद्र प्रभारियों को साफ कहा — तौल में गड़बड़ी, किसानों से दुर्व्यवहार या अनावश्यक देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने कहा
– टोकन, तौल और भुगतान की जानकारी समय पर दी जाए
– नमी जांच और गुणवत्ता परीक्षण किसानों के सामने हो
– केंद्र में पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय अनिवार्य हो
– बारदाना, हमाल, तौल कांटा पर्याप्त रहे
– रोजाना साफ-सफाई, रिकॉर्ड और CCTV दुरुस्त रहे
किसानों को दिया भरोसा
कलेक्टर ने कहा — _“किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम, सही समय पर और सम्मान के साथ मिलेगा। धान खरीदी केंद्र किसानों की सेवा के लिए हैं।”_
उन्होंने किसानों से अपील की कि टोकन के अनुसार ही धान लेकर आएं, ताकि भीड़ और अव्यवस्था न हो।
नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रोज केंद्रों का निरीक्षण करें, शिकायतों का तुरंत निराकरण करें और हर दिन की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजें।
इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार, खाद्य अधिकारी, सहकारी समिति के प्रबंधक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

