बलरामपुर। यहां धान खरीदी की शुरुआत इस बार कुछ खास रही। किसानों ने खुद विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी उत्सव 2026-27 का शुभारंभ किया।
बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों ने तौल मशीन और बांट की पूजा की। इसके बाद कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने धान बेचने आए किसान श्री संतन सिंह और श्री संतोष यादव का तिलक लगाकर, माला पहनाकर सम्मान किया, मुंह मीठा कराया और सभी किसानों को शुभकामनाएं दीं।
पहले ही दिन जिले के कई केंद्रों — वीरेंद्रनगर, रघुनाथनगर, बरदर, वाड्रफनगर, बसंतपुर, डोंगरो, बरियों, सरना, रामानुजगंज, जमड़ी, त्रिकुंडा, बलंगी, रामनगर में सुबह से ही किसानों की चहल-पहल रही।
3100 रुपये प्रति क्विंटल, 21 क्विंटल प्रति एकड़
कलेक्टर ने बताया — समर्थन मूल्य पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदा जा रहा है। प्रति बोरा 40 किलो धान की भर्ती होगी।
कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप से घर बैठे टोकन लें और साफ-सुथरा, सूखा धान लेकर आएं।
पहले दिन के किसान बोले — व्यवस्था सुगम रही
ओबरी के किसान संतन सिंह ने बताया — वे 7 एकड़ में खेती करते हैं, आज 50 क्विंटल (125 बोरा) धान बेचा है। शासन के किसान हितैषी फैसलों से किसान खुश हैं।
अलगडीहा के किसान संतोष यादव ने 16 क्विंटल 40 किलो (41 बोरी) धान बेचा और कहा — केंद्र की व्यवस्था सुगम रही।
ऐसे होगी पूरी प्रक्रिया
पहले आवक पंजी में पंजीयन, फिर किसान या नॉमिनी का बायोमेट्रिक सत्यापन, फिर नमी जांच — नमी अधिकतम 17% तक मान्य। इसके बाद भराई, तौल, सिलाई और सुरक्षित स्टैकिंग।
कलेक्टर ने निर्देश दिए — टोकन, बारदाना, फड़ मुंशी, उठाव, रिजेक्ट और स्टॉक पंजी सही रखें, हमाल रजिस्टर में रोज एंट्री हो।

