कोरबा, 25 सितंबर 2026 – दूरस्थ अंचलों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा DMF मद से किए जा रहे कार्यों का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में दिखने लगा है।
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत तानाखार में करीब 45 वर्ष पुराने जर्जर माध्यमिक शाला भवन की जगह अब जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से नया शैक्षणिक भवन बनकर तैयार हुआ है, जो बच्चों को सुरक्षित और बेहतर अध्ययन का वातावरण दे रहा है।
बरसात में टपकती थी छत, अब लौटी रौनक
पुराना विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर था। बरसात में छत से पानी टपकता था, दीवारों में दरारें और फर्श में सीलन रहती थी। 200 से अधिक दर्ज संख्या वाले इस स्कूल में पढ़ाना चुनौतीपूर्ण था। शाला स्टाफ और जनप्रतिनिधियों की लगातार मांग पर जिला प्रशासन ने दो वर्ष पूर्व DMF से नए भवन की स्वीकृति दी।
नए भवन में कक्षाओं के साथ स्टाफ रूम, प्रधानपाठक कार्यालय, हॉल, खेल मैदान, बाउंड्रीवाल, शौचालय और किचन शेड जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

प्रधानपाठक ने कहा – दर्ज संख्या बढ़ी
प्रधानपाठक श्रीमती जयंती सिरसो ने बताया – _”पुराने भवन में पढ़ाना चुनौती थी। नए भवन में व्यवस्थित कक्षाएं, हॉल, शौचालय और खेल मैदान मिलने से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है। पालक भी संतुष्ट हैं और दर्ज संख्या में वृद्धि हुई है।”_
जिले भर में हो रहे DMF के कार्य
जिला प्रशासन द्वारा DMF के माध्यम से जर्जर आंगनबाड़ी, विद्यालय भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया और सड़कों के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
नया भवन मिलने पर शाला प्रबंधन समिति, स्टाफ और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।








