कोरबा, 26 सितंबर 2026 / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वर्गीय श्री बिसाहू दास महंत स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध अस्पताल, कोरबा में रंगोली प्रतियोगिता और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य योजनाओं पर आधारित आकर्षक रंगोलियां बनाकर जागरूकता का संदेश दिया। स्वास्थ्य बीमा योजना, टीकाकरण, स्वच्छता और पोषण जैसी योजनाओं को रंगोली के माध्यम से दर्शाया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वहीं आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मरीजों और परिजनों को कैंसर से बचाव और उपचार की जानकारी दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि कैंसर के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है और समय पर जांच से इसका इलाज संभव है। कैंसर से बचाव के उपायों और शासन की योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के डीन ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।








