कोरबा, 21 अक्टूबर। कोचिंग संस्थानों द्वारा भ्रामक विज्ञापन करने पर अब कार्रवाई होगी। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने सभी जिला कलेक्टरों को इसको लेकर सख्त निर्देश दिए हैं।
सीसीपीए ने पाया है कि कई कोचिंग संस्थान रिजल्ट आते ही टॉपर्स की फोटो लगाकर यह दावा करते हैं कि छात्र ने पूरा कोर्स उन्हीं के यहां किया है, जबकि कई मामलों में छात्र ने सिर्फ इंटरव्यू गाइडेंस या कुछ दिन की फ्री क्लास ली होती है। इसे भ्रामक प्रचार माना गया है।
नए दिशा-निर्देश 2024 के मुख्य बिंदु –
– टॉपर की फोटो के साथ उसकी रैंक, कोर्स का नाम, कोर्स की अवधि और वो कोर्स पेड था या फ्री, ये लिखना अनिवार्य होगा।
– चयन की गारंटी, नौकरी या सैलरी बढ़ने जैसे दावे नहीं कर सकेंगे।
– किसी भी छात्र की फोटो या वीडियो विज्ञापन में लगाने से पहले लिखित अनुमति लेनी होगी।
– “सीमित सीटें, जल्दी करें” जैसा दबाव बनाकर एडमिशन के लिए भ्रम नहीं फैला सकेंगे।
सीसीपीए अब तक देशभर में 66 कोचिंग संस्थानों को नोटिस भेज चुका है और 34 संस्थानों पर 1 करोड़ 59 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगा चुका है।
जिला प्रशासन ने कोरबा के सभी कोचिंग संस्थानों को नियमों का पालन करने को कहा है। उल्लंघन पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के तहत कार्रवाई होगी। शिकायत के लिए छात्र टोल फ्री नंबर 1915 या NCH ऐप पर संपर्क कर सकते हैं।

