_रायपुर, 31 मई 2026_बेमेतरा में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। वैदिक रीति-रिवाज के साथ जिले के 21 जोड़े सात फेरे लेकर जीवन साथी बने।
मुख्यमंत्री ने मंच से ऐलान किया कि अब इस योजना के तहत पात्र परिवारों को मिलने वाली सहायता राशि 50 हजार रुपये कर दी गई है। पहले आर्थिक बोझ से परेशान परिवारों को इस योजना से राहत मिली है, और बढ़ी हुई राशि से और ज्यादा मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने बेमेतरा में नर्सिंग कॉलेज खोलने की घोषणा भी की, ताकि जिले में स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा मिले।
समारोह का आकर्षण पारंपरिक बैलगाड़ी में निकली बारात रही। लोक वाद्य और ग्रामीण माहौल के बीच जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसमें हिस्सा लिया। शाम को मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम को स्कूल ग्राउंड से पुराने रेस्ट हाउस परिसर में शिफ्ट किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने नवदंपतियों से मिलकर सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
शासन की ओर से नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री और आर्थिक सहायता भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक हैं। इन आयोजनों से अनावश्यक खर्च कम होता है और समाज में सहयोग की भावना बढ़ती है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्री दयाल दास बघेल, गुरु खुशवंत साहेब, सांसद संतोष पाण्डेय, विजय बघेल सहित कई विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

