रायपुर, 13 नवंबर 2026 | भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन होगा।
समारोह में विभिन्न जनजाति समाजों के 50 हजार से अधिक लोग सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वित्त मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
समारोह की तैयारियों का जायजा लेने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी आज धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आवागमन, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी की जाएं। आयोजन स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस दौरान वित्त मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा तैयार किए जा रहे प्रदर्शनी स्टॉलों की भी जानकारी ली।
प्रदर्शनी में दिखेगी जनजातीय विकास की तस्वीर
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे जनजातीय हितग्राहियों की सफलता और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
कौन थे भगवान बिरसा मुंडा
भगवान बिरसा मुंडा भारत के महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सुधारक और आदिवासी समाज के जननायक थे। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था।
मुंडा जनजाति में जन्मे बिरसा मुंडा को आदिवासी समाज धरती आबा अर्थात धरती का पिता कहकर सम्मान देता है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था के विरुद्ध आदिवासी समाज को संगठित कर संघर्ष का नेतृत्व किया।
जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने महाविद्रोह का बिगुल फूंका। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया।
उनके योगदान को सम्मान देने के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया।
इस अवसर पर श्री अरूणधर दीवान, श्री जगन्नाथ पाणिग्राही, श्री गोपाल अग्रवाल, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

