कोरबा/करतला, 09 अक्टूबर 2026 (करतला टाइम्स)। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) ने कोरबा ब्लॉक के एक और आदिवासी पारा की तस्वीर बदल दी है।
विकासखंड कोरबा के ग्राम नरबदा से दलदली पारा तक लगभग 1 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पूरा कर लिया गया है।
पहले कीचड़, अब पक्की सड़क
दलदली पारा के ग्रामीण लंबे समय से पक्की सड़क का इंतजार कर रहे थे। पहले कच्चा और दलदली रास्ता होने से बरसात में चलना मुश्किल हो जाता था। बाजार-हाट जाने, बच्चों को स्कूल भेजने और सबसे ज्यादा बीमार होने पर एंबुलेंस बुलाने में भारी दिक्कत होती थी।
सड़क बनने के बाद अब गांव तक सीधे चार पहिया वाहन और एंबुलेंस पहुंच रही है।
ग्रामीणों ने क्या कहा –
ग्राम निवासी *पंसारी बाई* ने बताया, “पहले बाजार आने-जाने में बहुत दिक्कत होती थी। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती थी। अब सड़क बन गई है तो आवागमन आसान हो गया है, एंबुलेंस भी गांव तक आ जाती है।”
ग्रामीण बल सिंह ने कहा, “सड़क बनने के बाद रोजमर्रा के काम आसान हो गए हैं। अब पहले जैसी परेशानी नहीं होती।”
यह सड़क सिर्फ 1 किलोमीटर की नहीं, बल्कि दलदली पारा के लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच का नया रास्ता है। ग्रामीणों ने इसके लिए शासन-प्रशासन का आभार जताया है।

