कोरबा/करतला (करतला टाइम्स)। करतला ब्लॉक की सबसे चर्चित ग्राम पंचायत कनकी, जहां प्रसिद्ध कनकेश्वर धाम स्थित है, अब वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोपों से घिर गई है। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद 8 अक्टूबर को जनपद पंचायत करतला की जांच टीम अचानक गांव पहुंची तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
शिकायत किसने की और क्यों?
जानकारी के मुताबिक गांव के युवा निलेश कुमार और जय कुमार कश्यप ने ‘मेरी ग्राम पंचायत’ मोबाइल ऐप पर पंचायत के खर्च का ब्यौरा देखा। ऐप पर लाखों रुपये के काम दिख रहे थे, लेकिन जमीन पर वो काम ही नहीं मिले। जब ग्राम सभा में हिसाब मांगा तो सचिव ने कह दिया – “रजिस्टर मेरे पास है, बाद में बताऊंगा”। इसी से नाराज होकर युवाओं ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत ठोक दी।
सबसे बड़ा आरोप – मंदिर की सीसी रोड गायब
ग्रामीणों का सबसे बड़ा आरोप कनकेश्वर धाम मंदिर परिसर की सीसी रोड को लेकर है। कागजों में लाखों की सीसी रोड बनकर तैयार है, जियोटैग फोटो भी अपलोड है, लेकिन मौके पर ग्रामीणों को वो सड़क कहीं दिख ही नहीं रही। आरोप है कि किसी दूसरी जगह की फोटो खींचकर अपलोड कर दी गई है।
जांच के दिन क्या हुआ?
बुधवार को जब जनपद से जांच टीम कनकी पहुंची तो सरपंच-सचिव और शिकायतकर्ता पक्ष आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों ने एक-एक करके 3 साल के सारे कार्यों की मस्टररोल, बिल-वाउचर और जियोटैगिंग की जांच की मांग की। टीम ने पंचायत भवन के दस्तावेज जब्त कर पंचनामा बनाया है।
अब आगे क्या?
फिलहाल टीम ने सभी बिंदुओं को नोट कर लिया है और रिपोर्ट जनपद सीईओ को सौंपेगी। अगर आरोप सही पाए गए तो पूर्व और वर्तमान सरपंच-सचिव दोनों पर रिकवरी और एफआईआर तक की नौबत आ सकती है।
ग्रामीणों ने कहा है – जब तक पूरी राशि का हिसाब गांव के चौराहे पर सार्वजनिक नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

