कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत शासन द्वारा संचालित जन समस्या निवारण शिविर (सुशासन तिहार 2026) का अंतिम शिविर 5 जून को ग्राम पंचायत चिर्रा में आयोजित किया गया। शिविर में जहां विभिन्न विभागों के कार्यों की सराहना हुई, वहीं कई विभागों को लेकर शिकायतें और आलोचनाएं भी सामने आईं। जनप्रतिनिधियों ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।
इसी दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जहां आवास मित्र सपूरन सिंह, जो ग्राम पंचायत मदनपुर सहित कई पंचायतों के आवास कार्यों के प्रभारी हैं, शिविर में शराब के नशे की हालत में दिखाई दिए। हालांकि, मौके पर किसी प्रकार की चिकित्सीय जांच या प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है, जिसके सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी आवास मित्रों और संबंधित अधिकारियों पर होती है। ऐसे में जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित महत्वपूर्ण शिविर में किसी जिम्मेदार कर्मी का कथित रूप से नशे की हालत में उपस्थित होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

