कोरबा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम पंचायत मदनपुर के आश्रित ग्राम मांझीपारा में विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। मदनपुर से मांझीपारा तक 2.2 किलोमीटर कच्चा रास्ता अब पक्की सड़क में बदल गया है।
पहले गर्मी में धूल और बारिश में कीचड़ इस रास्ते की पहचान थी। बच्चों का स्कूल जाना, मरीज को अस्पताल ले जाना और रोजमर्रा के काम में भारी परेशानी होती थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत इस सड़क को प्राथमिकता दी गई। 129.65 लाख रुपये की लागत से 20 जनवरी 2025 को काम शुरू हुआ और एक साल में पूरा हुआ।
ग्रामीणों ने बताया बदलाव –
अरुण कुमार राठिया (मदनपुर) – पहले कीचड़ में स्कूल जाना मुश्किल था, अब बाइक, साइकिल आसानी से चल रही है।”
छात्र आदित्य (कक्षा 6) – “अब स्कूल जाना आसान हो गया है।”
वृद्धा नीरो बाई -“पहले बीमार होने पर अस्पताल ले जाना चिंता थी, अब एंबुलेंस सीधे गांव तक आ जाती है।”
टीकाराम और लल्लूराम (मांझीपारा) – गांव विकास की मुख्य धारा से जुड़ गया है। शहर, बाजार, रोजगार तक पहुंच आसान हुई है।”
यह सड़क सिर्फ सीमेंट-डामर की सड़क नहीं, मांझीपारा के विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य की नई राह है।



