कोरबा / रायपुर। पूरे छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत हो जा रही है। इस बार जिला प्रशासन ने किसानों को राहत देने के लिए बड़ा इंतजाम किया है। किसानों को अब अपना धान बेचने के लिए सोसायटियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
किसान *टोकन तुंहर हाथ’ ऐप और पोर्टल की मदद से घर बैठे ही धान बेचने के लिए अपना टोकन प्राप्त कर सकेंगे। जिला प्रशासन के मुताबिक करीब 70 फीसदी टोकन मोबाइल ऐप के जरिए जारी किए जाएंगे।
शासन के मुताबिक रकबे के अनुसार किसानों को टोकन दिया जाएगा। *प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान किसान बेच पाएंगे।
टोकन तुंहर हाथ’ ऐप और पोर्टल की सुविधा शुरू
शासन ने खरीदी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था शुरू की है। किसान अपने मोबाइल फोन के जरिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन ले सकेंगे।
शासन की कोशिश है कि इस नई व्यवस्था से किसानों को भीड़भाड़ का सामना न करना पड़े, वहीं आसानी से उनका धान भी बिक जाए। हर साल धान खरीदी केंद्रों पर किसानों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। भीड़ की वजह से खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था का आलम हो जाता है। इस बात को ध्यान में रखकर इस बार ये नई व्यवस्था लागू की गई है। जिन किसानों को टोकन मिल जाएगा, वो निर्धारित तारीख और समय पर आकर आसानी से अपना धान बेच सकेंगे।
70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप से, 30 प्रतिशत समितियों से
नई व्यवस्था में कुल टोकन का 70 प्रतिशत हिस्सा मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी किया जाएगा, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन संबंधित समितियों के जरिए मिलेंगे।
इसका मतलब है कि जिन किसानों के पास स्मार्टफोन और इंटरनेट की सुविधा है, वे घर बैठे टोकन बुक कर पाएंगे। जिन किसानों को ऑनलाइन टोकन लेने में परेशानी होगी या जो मोबाइल ऐप का उपयोग नहीं कर पाएंगे, उनके लिए समिति के माध्यम से टोकन प्राप्त करने का विकल्प उपलब्ध होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और डिजिटल जानकारी की कमी वाले किसानों के लिए समिति से टोकन लेने की सुविधा बनी रहेगी। कुल मिलाकर किसान अपनी सुविधा के मुताबिक टोकन ले सकेंगे।
अपनी सुविधा के अनुसार चुन सकेंगे धान बेचने की तारीख
ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की सबसे बड़ी सुविधा यह है कि किसान अपनी सुविधा के अनुसार धान खरीदी की तारीख चुन पाएंगे। इससे किसान अपनी फसल की कटाई, मिंजाई, सफाई और परिवहन की तैयारी पहले से कर पाएंगे। निर्धारित तारीख के अनुसार धान खरीदी केंद्र पहुंचने से अनावश्यक इंतजार और भीड़ की समस्या कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
किसानों को टोकन बुक करते समय उपलब्ध तारीखों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा।
प्रशासन की अपील
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था शुरू की गई है। किसान मोबाइल ऐप और पोर्टल के माध्यम से घर बैठे टोकन बुक कर सकेंगे। जिन किसानों को ऑनलाइन टोकन लेने में परेशानी होगी, उनके लिए समिति स्तर पर भी टोकन की व्यवस्था रखी गई है।
किसानों से अपील है कि वे टोकन बुकिंग से पहले अपने पंजीयन और रकबे से संबंधित जानकारी की जांच कर लें तथा निर्धारित तारीख पर ही खरीदी केंद्र में धान लेकर पहुंचें।

