फिसलन भरी सड़कों पर जाम रोकने में जुटे पुलिसकर्मी, वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
कोरबा, 03 जुलाई (करतला टाइम्स)। शहर में गुरुवार को सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जब अधिकांश लोग घरों में दुबक गए, तब कोरबा ट्रैफिक पुलिस के जवान पूरी निष्ठा के साथ सड़कों पर ड्यूटी करते नजर आए।
खराब मौसम और लगातार बरसते पानी के बावजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी टीपी नगर चौक, घंटाघर, सीएसईबी चौक समेत सभी प्रमुख चौराहों पर तैनात रहे। छाता लेकर और कई स्थानों पर पूरी तरह भीगते हुए भी जवानों ने वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया और शहर में जाम की स्थिति नहीं बनने दी।
एक ट्रैफिक जवान ने बताया, “ड्यूटी तो ड्यूटी है। जनता की सुरक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी है, मौसम चाहे जैसा हो।”
लगातार बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं और दृश्यता भी कम हो गई है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन धीमी गति से चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, आगे वाले वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और बिना वजह ब्रेक न लगाएं।

ट्रैफिक प्रभारी ने कहा, “नागरिकों से अनुरोध है कि यातायात नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें। आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है।”
विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्य के प्रति ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की यह प्रतिबद्धता आम लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है।


