कोरबा। जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने की।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन एवं वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल ग्रामीण कोरबा-कटघोरा एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों और हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी दी।
इस दौरान शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और विकास कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्यगण रेणुका राठिया, सुष्मिता अनंत कमलेश, सावित्री अजय कंवर, सुषमा रवि रजक, विनोद कुमार यादव, माया रूपेश कंवर, कौशल नेटी, विद्वान सिंह मरकाम एवं उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

