कटघोरा। कोरबा जिले के केंदई जंगल में भालू के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को पकड़ा है। चारों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि 21 नवंबर को केंदई रेंज के छिंदिया इलाके में शिकारीयों ने फंदा लगाकर भालू को अपना शिकार बनाया था।
मुखबिर की सूचना पर खुला राज
वन विभाग को मुखबिर से इस घटना की जानकारी मिली। जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां खून के निशान और फंदे में इस्तेमाल हुआ क्लच वायर मिला, लेकिन भालू का शव वहां नहीं था।
इसके बाद वन अमले ने गहराई से जांच शुरू की। जांच में पता चला कि शिकारियों ने पकड़े जाने के डर से अगले दिन भालू के शव को झिनपुरी इलाके में ले जाकर जला दिया था। इसके बाद बचे हुए अवशेषों को अंजननाला नदी के किनारे फेंक दिया गया, ताकि कोई सबूत ना बचे।
दम्हामुड़ा गांव के हैं चारों आरोपी
जांच के बाद वन विभाग ने ग्राम दम्हामुड़ा, थाना पसान के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को कटघोरा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
विभाग का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों के शामिल होने की आशंका है, जिसकी जांच अभी चल रही है।
7 साल तक की सजा का प्रावधान
भालू अनुसूची-1 का संरक्षित वन्यप्राणी है। इसलिए इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। इस कानून में 3 साल से लेकर 7 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है।
इस पूरी कार्रवाई में केंदई रेंजर अभिषेक कुमार दुबे सहित वन विभाग की पूरी टीम शामिल रही।

