भिलाई।24/11/26 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज इस्पात नगरी भिलाई को 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। खुर्सीपार में हुए लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।
BSP टाउनशिप वालों को मिली राहत
कार्यक्रम में सबसे बड़ी राहत BSP टाउनशिप में रहने वालों को मिली। रिटेंशन आवास का किराया 24 गुना बढ़ गया था, जिससे हजारों परिवार परेशान थे। सांसद-विधायकों की चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने किराया बढ़ोतरी को घटाकर मात्र 6 रुपये करने का फैसला लिया। इससे हजारों परिवारों को सीधी राहत मिलेगी।
दो बड़ी सड़कों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने भिलाई के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण की घोषणा की –
कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क के लिए 13 करोड़
जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क के लिए 14 करोड़
इसके साथ ही भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।
3 साल में भिलाई को 886 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन साल में सिर्फ नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि PM आवास योजना में गांवों में रोज 1600 मकान बन रहे हैं, शहरों में तीन साल में 77 हजार से ज्यादा मकान बने हैं।
महतारी वंदन में 21 हजार करोड़ से ज्यादा
महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से ज्यादा महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये मिल रहे हैं। अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि महिलाओं के खाते में भेजी जा चुकी है।
चिटफंड पीड़ितों को लौटा पैसा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर यश ड्रीम चिटफंड के 3000 निवेशकों को 3 करोड़ 16 लाख से ज्यादा की राशि वापस की।
इसके अलावा PM आवास, PM स्वनिधि, सूर्यघर, आयुष्मान कार्ड, श्रमिक सहायता, महिला कोष और पट्टा वितरण के तहत भी कई हितग्राहियों को लाभ दिया गया।
कार्यक्रम में डिप्टी CM अरुण साव, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

