रायपुर। धान खरीदी में पात्र किसानों को परेशानी ना हो, इसके लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। खसरा मैपिंग और फसल की गड़बड़ी को ठीक करने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं।
क्या होगा –
1. खसरा मैपिंग 15 जनवरी 2027 तक –
जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में हैं लेकिन मंडल में नहीं दिख रहे, उनकी मैपिंग सहकारी समिति के माध्यम से की जाएगी।
2. खेत में जाकर होगी जांच –
जिन खसरों में डिजिटल सर्वे में दूसरी फसल दिख रही है लेकिन किसान ने धान बोया है, वहां पटवारी-तहसीलदार खेत में जाकर जांच करेंगे। मौके का पंचनामा बनेगा और फसल का फोटो भी लिया जाएगा।
3. 30 नवंबर तक जानकारी देनी होगी –
सत्यापन के बाद सही जानकारी 30 नवंबर 2026 तक जमा करनी होगी, ताकि किसानों का धान खरीदी में नाम जुड़ सके।
सरकार का कहना है कि इससे असली धान उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने में आसानी होगी और खरीदी में पारदर्शिता आएगी।

