कोरबा। जिले में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। करतला वन परिक्षेत्र के *साजापानी गांव में 9 हाथियों का दल पिछले तीन दिनों से डेरा जमाए हुए है।
हाथी लगातार खेतों में पहुंचकर धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल बर्बाद होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। किसानों ने अपनी मेहनत की कमाई बचाने के लिए प्रशासन और वन विभाग से मदद की गुहार लगाई है।
बताया जा रहा है कि यह दल कई महीनों से चिकनीपाली पहाड़ पर मौजूद था। कुछ दिन पहले यह सक्ती जिले की ओर चला गया था, लेकिन करीब चार दिन पहले वापस लौट आया। वापसी के बाद दल ने सबसे पहले करतला वन परिक्षेत्र के लबेद गांव में उत्पात मचाया और अब साजापानी पहुंच गया है, जहां लगातार फसलों को रौंद रहा है।
वहीं दूसरी ओर कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र में भी 52 हाथियों का दल एक ही स्थान पर पहुंचकर आसपास के खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। लगातार फसल क्षति से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को पसान में चक्काजाम कर विरोध जताया था।
जिले के दोनों वन परिक्षेत्रों में हाथियों की सक्रियता से किसानों को धान की फसल बर्बाद होने का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और फसल क्षति का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है।

