कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रतिनिधि मंडल ने अपर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। इसमें राशन कार्डधारी हितग्राहियों को चना के बाद अब शक्कर का वितरण बंद किए जाने पर बकाया राशन एकमुश्त देने की मांग की गई है।
भाकपा ने चेतावनी दी है कि पीडीएस प्रणाली से सोसाइटियों में हितग्राहियों को चना-शक्कर की आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
4 माह का चना नहीं मिला, जुलाई 2026 से वितरण पूरी तरह बंद
भाकपा के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने कहा कि अगस्त 2025 से नवंबर 2025 तक चार माह का चना हितग्राहियों को नहीं मिला। जुलाई 2026 से चना का वितरण पूरी तरह बंद है।
सितंबर 2026 से चीनी की आपूर्ति भी बंद कर दी गई है। भाकपा ने कहा कि यह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 का उल्लंघन है। पार्टी ने पूर्व में भी पत्र लिखकर शासन को अवगत कराया है, मगर कोई पहल नहीं की गई।
ई-पॉश मशीन और सर्वर की समस्या भी उठाई
ज्ञापन में जिले की अधिकांश उचित मूल्य दुकानों में ई-पॉश मशीन का सर्वर डाउन रहने और समय पर राशन नहीं मिलने की समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया गया है।
ज्ञापन सौंपने में ये रहे मौजूद
ज्ञापन में बिलासपुर-सरगुजा संभाग संयोजक श्याम बिहारी बनाफर जिला परिषद सदस्य एनके दास राम केंवट नरेंद्र दास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

