कोरबा/जशपुर, 11 अक्टूबर (करतला टाइम्स)। कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की स्टेनो शाखा में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल (38) का शव जशपुर जिले के पत्थलगांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है।
पत्थलगांव पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पहचान की कार्रवाई की और कोरबा पुलिस को फोन पर जानकारी दी। खबर मिलते ही कोरबा पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस कर रही जांच
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरहरि पटेल, पिता गोवर्धन प्रसाद पटेल के रूप में हुई है। वह वर्ष 2013 बैच में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था और वर्तमान में सिविल लाइन रामपुर में पदस्थ था। 27 सितंबर 2023 से वह SP कार्यालय की स्टेनो शाखा में काम कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है।
फिलहाल पत्थलगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आरक्षक किन परिस्थितियों में कोरबा से पत्थलगांव पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजन कोरबा से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

