कोरबा, 10 अक्टूबर (करतला टाइम्स)। बालकोनगर थाने में ही थाना प्रभारी से मारपीट और गाली-गलौज करना एक महिला को भारी पड़ गया। पुलिस ने महिला रानी यादव और उसके बेटे अजय यादव दोनों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि रानी यादव के खिलाफ PSI ईश्वरी राज की शिकायत पर BNS की धारा 121, 132, 221, 296 और SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। बेटे अजय पर शराब पीकर बाइक चलाने का केस है।
9 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे गीता महंत, दुर्गा सिंह और दो अन्य महिलाएं थाने पहुंचीं। साथ में सेक्टर-5 का अजय यादव भी अपनी बाइक CG 12 BE 5946 से आया।
गीता ने बताया कि शाम 7:20 बजे परसाभाठा बाजार चौक पर अजय नशे में बाइक चलाते हुए उसके बेहद करीब से निकला। बाइक उसकी चुनरी को छू गई और पैर के ऊपर चढ़ते-चढ़ते बची। टोकने पर अजय ने महिलाओं से बदतमीजी शुरू कर दी।
थाने में अजय का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया तो 169mg/100ml शराब मिली। पुलिस उस पर MV एक्ट 185 के तहत कार्रवाई कर ही रही थी कि उसकी मां रानी यादव थाने आ धमकी।
रानी चिल्लाने लगी – _”मेरे बेटे पर कैसे कार्रवाई करोगे? दस्तखत नहीं करेगा। जिसको जो उखाड़ना है उखाड़ ले, मैं बेटे को ले जा रही हूं।”_
पुलिस ने समझाया कि लिखा-पढ़ी के बाद ले जाना, तो महिला ने हंगामा और तेज कर दिया। आरोप है कि सबके सामने प्रशिक्षु थाना प्रभारी को गाली दी और अचानक हमला कर दाहिने हाथ को मरोड़ दिया, जिससे अंगूठे और कलाई में नाखून से चोट आई।
हंगामे से थाने के पूरे काम में बाधा पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने मां-बेटे दोनों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया।

