कोरबा, 11 अक्टूबर (करतला टाइम्स)। शारदीय नवरात्र के पहले दिन कोरबा जिले में बेटियों के लिए अच्छी खबर आई है। जिले की दो ग्राम पंचायतों में बालिका शौचालय बनकर तैयार हो गए हैं।
पाली ब्लॉक की नोनबिर्रा और करतला ब्लॉक की दादरकला पंचायत में ये निर्माण VB-G RamJi योजना के तहत पूरे किए गए हैं।
ये काम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’* अभियान के तहत हुआ है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में इस अभियान को तेजी से चलाया जा रहा है।
*गुलाबी रंग से सजे, दीवारों पर संदेश
दोनों जगह बने शौचालयों को गुलाबी रंग और सुंदर चित्रकारी से सजाया गया है। दीवारों पर ‘मेरी बेटी मेरा स्वाभिमान’ और ‘स्वच्छ रहें, सुरक्षित रहें’ जैसे नारे लिखे हैं। स्कूल की बच्चियों ने भी वहां फोटो खिंचवाकर खुशी जताई।
शिक्षकों का कहना है कि अलग शौचालय मिलने से बच्चियों को निजता मिलेगी और स्कूल में उनकी उपस्थिति भी बढ़ेगी।
*प्रदेश में 6671 शौचालय बनेंगे*
बता दें कि ‘मेरी बेटी मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत 6 अगस्त को CM ने की थी। ये अभियान 15 अगस्त से 26 जनवरी तक चलेगा। पूरे प्रदेश में 286.85 करोड़ की लागत से 6,671 बालिका शौचालय बनाने का लक्ष्य है।

