₹10 लाख की लागत से बनेगा भवन, पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, स्थानीय नागरिकों को भी मिलेगा लाभ

बांकी मोंगरा, 29 जून 2026। वर्षों से लंबित बांकी मोंगरा प्रेस क्लब भवन की मांग आखिरकार पूरी होने की दिशा में बढ़ गई है। सोमवार को एसईसीएल केंद्रीय अस्पताल के सामने प्रस्तावित प्रेस क्लब एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा की अध्यक्षा सोनी झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। नगर पालिका गठन के बाद स्थानीय पत्रकारों ने प्रेस क्लब भवन की मांग पुनः उठाई थी, जिस पर अध्यक्षा सोनी झा ने त्वरित पहल करते हुए भवन निर्माण को स्वीकृति दिलाई।
लगभग 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में प्रेस क्लब के साथ एक सामुदायिक भवन का भी निर्माण किया जाएगा। इससे पत्रकारों को बैठकर नगर एवं जिले के जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उचित स्थान मिलेगा और पत्रकारिता गतिविधियों का संचालन बेहतर ढंग से हो सकेगा। सामुदायिक भवन से स्थानीय नागरिक भी लाभान्वित होंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रेस क्लब भवन बनने से स्थानीय पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे वे जनसमस्याओं को और अधिक प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
नगर पालिका अध्यक्षा सोनी झा ने कहा कि स्थानीय पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निर्णय लिया गया, जिससे यह महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ हो सका।
पूर्व प्रदेश भाजयुमो कोषाध्यक्ष विकास झा ने कहा कि प्रेस क्लब भवन का निर्माण नगर के पत्रकारों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे पत्रकारों को संगठित होकर स्थानीय विकास, जनहित के मुद्दों एवं सामाजिक सरोकारों पर गंभीर चर्चा करने का अवसर मिलेगा, जो नगर के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्षद प्रमोद सोना, प्रमिला सायतोड़े, श्रवण कुमार सहित प्रेस क्लब अध्यक्ष निशांत झा, साबिर अंसारी, मनहरण साहू, विशेषर साहू, प्रणय मिश्रा, अजय मिश्रा, धनेश देवांगन, अनुज पाठक, विकास सोनी, राजकुमार साहू, प्रकाश साहू, बबलू डहरिया, संजय आजाद तथा बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


