कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के मार्गदर्शन में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली द्वारा सोहागपुर के साप्ताहिक आम बाजार में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली के अध्यक्ष संतोष देवांगन ने कहा कि मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि मंदिर में चढ़ावे से संबंधित किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उनका कहना था कि देश और दुनिया भर के श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के साथ मंदिर निर्माण एवं चढ़ावे में योगदान दिया है, इसलिए इस मामले में पूरी पारदर्शिता आवश्यक है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता वीरेंद्र चंदन ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित मामले से जुड़े अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, चाहे वह किसी भी पद पर हो, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दायरे में सभी संबंधित पक्षों को शामिल किया जाना चाहिए और यदि जांच में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री अथवा अन्य जिम्मेदार व्यक्ति की किसी प्रकार की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करती है। उन्होंने भाजपा से इस मामले पर स्पष्ट जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और धार्मिक संपत्तियों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस अवसर पर संतोष देवांगन, प्रमोद श्रीवास, ओमप्रकाश चंद्रवंशी, सूरज सोनी, रामकुमार यादव, वीरेंद्र चंदन, नंदकिशोर साहू, खिलावन देवांगन, रमेश बिंझवार, सरोज बिंझवार, हेमराज बिंझवार, रामकुमार चौहान, रामदास सिदार, फरीद मेमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

