कोरबा।(करतला टाइम्स) कटघोरा के छुरी क्षेत्र स्थित राज ज्वेलर्स में 1 जुलाई को हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीसरा साथी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
कैसे हुआ था घटनाक्रम:
दोपहर करीब 1 बजे बाइक पर सवार होकर तीन लोग दुकान पहुंचे। बाइक के नंबर प्लेट नहीं थी। तीनों ने मुंह गमछे से बांध रखा था। हैरानी की बात ये रही कि इनमें से एक ने महिलाओं जैसे कपड़े पहन रखे थे।
पहले आरोपियों ने चांदी की अंगूठी देखने की बात कही। दुकानदार जैसे ही काउंटर पर आया, एक ने अंदर से शटर गिरा दिया। दूसरे ने कट्टा निकालकर डराना शुरू कर दिया। आरोपियों ने मिर्च पाउडर भी फेंकने की कोशिश की और गहने समेटने लगे।
ठीक इसी वक्त बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। डर के मारे तीनों सामान और हथियार वहीं छोड़कर भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई:
मामले की गंभीरता देखते हुए SP *सिद्धार्थ तिवारी* ने तुरंत स्पेशल टीम बनाई। टीम ने आसपास के 100 से ज्यादा CCTV कैमरे चेक किए। साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया।
पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर तक दबिश दी।
कौन हैं आरोपी:
पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए आरोपी *गोपाल सिंह गोंड* और *परदेशी राठिया* हैं। तीसरा आरोपी *विष्णु प्रसाद राठिया* फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि तीनों पहले भी हत्या और दुष्कर्म जैसे संगीन मामलों में जेल काट चुके हैं। जेल में ही इनकी जान-पहचान हुई और बाहर आकर इन्होंने लूट की प्लानिंग बनाई। इसी के लिए इन्होंने चोरी की बाइक और देशी कट्टे का इंतजाम किया था।
फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में कटघोरा थाना और साइबर सेल की टीम की सराहना की गई है।

