डीआईजी एलिसेला का 13वीं वाहिनी दौरा, जवानों की समस्याएं सुनीं और तुरंत निपटाईं
कोरबा। 13वीं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल वाहिनी मड़वारानी का वार्षिक निरीक्षण शनिवार को किया गया। निरीक्षण के लिए उत्तर क्षेत्र सरगुजा के उप पुलिस महानिरीक्षक आई.के. एलिसेला वाहिनी मुख्यालय पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत डीआईजी ने क्वार्टर गार्ड की सलामी लेकर की। इसके बाद उन्होंने वाहिनी की सभी शाखाओं, अभिलेखों और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जवानों से सीधा संवाद करने के लिए सैनिक सम्मेलन भी हुआ। इसमें जवानों ने अपनी दिक्कतें और मांगें रखीं। डीआईजी ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया।
जवानों को संबोधित करते हुए डीआईजी एलिसेला ने कहा कि पुलिस की वर्दी सिर्फ कपड़ा नहीं है। यह अनुशासन, ईमानदारी और समाज सेवा की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने और फिट रहने की अपील की। साथ ही कहा कि समय के साथ खुद को अपडेट रखने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण और स्किल डेवलपमेंट कोर्स जरूर करें। इससे काम करने की क्षमता और प्रोफेशनलिज्म बढ़ेगा।
इस मौके पर 13वीं वाहिनी के सेनानी प्रशांत कतलम ने डीआईजी का फूल देकर स्वागत किया। उन्होंने वाहिनी में चल रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
डीआईजी ने ‘हरियर छत्तीसगढ़’ अभियान के तहत वाहिनी परिसर में फलदार पौधे भी लगाए और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। अच्छा काम करने वाले जवानों और अधिकारियों को उन्होंने पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के अंत में सेनानी प्रशांत कतलम ने डीआईजी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान ओम प्रकाश चंदेल, मयंक तिवारी, सत्येन सिंह, विकास कुजूर सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान मौजूद थे।

