कोरबा। कुदमुरा रेंज के जिलगा गांव के जंगल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हाथी को खदेड़ने गए ग्रामीणों पर ही हाथी ने पलटकर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि गांव के पास जंगल में हाथी घूम रहा था। इससे डरे हुए कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथी को भगाने के लिए जंगल पहुंच गए। लेकिन हाथी को भगाना उल्टा पड़ गया। हाथी गुस्से में ट्रैक्टर की तरफ ही दौड़ पड़ा और उस पर हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। ग्रामीण किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने हाथी को परेशान करने और जंगल में ट्रैक्टर ले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
ट्रैक्टर चालक दिग्विजय राठिया और वाहन मालिक सुदामा राठिया, दोनों निवासी ग्राम जिलगा बताए गए हैं। वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखने पर खुद से भगाने की कोशिश न करें। ट्रैक्टर, पटाखे या शोर से हाथी और ज्यादा गुस्सा हो जाता है, जिससे जान का खतरा बढ़ जाता है। हाथी दिखे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

