कोरबा/नई दिल्ली | वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस संतोष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें दिल्ली मेट्रो (DMRC) में CISF के DIG के रूप में पदस्थ कर सुरक्षा की कमान सौंपी गई है।
उनके सुरक्षा प्रबंधन के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो लाइनों और यात्रियों की सुरक्षा का दायित्व दिया गया है।
बता दें, दिल्ली मेट्रो 271 स्टेशन वाली त्वरित परिवहन प्रणाली है, जो दिल्ली के साथ यूपी और हरियाणा के शहरों को जोड़ती है। हाल ही में 17 सितंबर को मेट्रो ने एक दिन में 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही का रिकॉर्ड बनाया था।
छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में SP/SSP रहे
विवादों से दूर, संतोष सिंह अपनी परिपक्व और संवेदनशील पुलिसिंग व सामुदायिक पुलिसिंग के प्रयोगों के लिए जाने जाते हैं। वे छत्तीसगढ़ के 9 जिलों – रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर व कोंडागांव में SP/SSP, सुकमा में SP और दुर्ग में CSP रह चुके हैं।
वर्तमान में वे हैदराबाद में DIG साउथ जोन-2 के रूप में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक, रणनीतिक प्रतिष्ठानों व पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा देख रहे थे।

