कोरबा, 23 नवंबर 2026। कलेक्टरेट सभाकक्ष में हर सोमवार को आयोजित जनदर्शन में इस बार कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एक-एक आवेदक की बात ध्यान से सुनी और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनदर्शन की खासियत यह रही कि कलेक्टर ने हर व्यक्ति से उसके अपने अंदाज में बात की। महिलाओं से – _”कैसे हो दीदी?”_, बुजुर्गों से – _”बताओ कका, क्या परेशानी है?”_ और बुजुर्ग महिलाओं से – _”बताओ दाई”_ कहकर बात की। इस अपनत्व भरे संबोधन से लोगों की झिझक दूर हुई और वे खुलकर अपनी समस्या बता सके।
नौकरी की उम्मीद लेकर आई महिला को दिया स्वरोजगार का रास्ता
गोद में छोटे बच्चे को लेकर आई एक महिला शासकीय नौकरी की उम्मीद से जनदर्शन पहुंची थी। कलेक्टर ने उसे समझाया कि शासकीय नौकरी रिक्त पदों पर निर्धारित भर्ती प्रक्रिया से ही मिलती है। लेकिन स्वरोजगार शुरू करना चाहें तो सहयोग किया जाएगा।
महिला की रुचि पूछकर कलेक्टर ने बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़ने के विकल्प बताए। महिला की सहमति पर उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक सहयोग के निर्देश दिए।
ये मुद्दे आए सामने
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना की राशि, बसाहटों में मूलभूत सुविधाएं, पट्टा सर्वे दावा-आपत्ति, बिजली बिल में सुधार, विद्युत लाइन, आरबीसी 6-4 के तहत सहायता तथा पुल-पुलिया निर्माण जैसे विषयों पर आवेदन आए।
महतारी वंदन, जमीन और साइबर ठगी पर भी सुनी बात
महतारी वंदन की राशि न मिलने की शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं को कलेक्टर ने समझाया कि नए आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने पर वे आवेदन कर सकेंगी।
भूमि पर बेजा कब्जे और शासकीय भूमि के पट्टे के मामलों में उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल जैसे सार्वजनिक कार्यों के लिए भी जमीन जरूरी है, इसलिए नियमों और जांच के बाद ही निर्णय होगा।
साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को कलेक्टर ने ओटीपी किसी को न बताने और अनजान व्यक्ति के कहने पर लेनदेन न करने की सलाह दी।
चचिया धान खरीदी केंद्र पर दो पक्ष आमने-सामने
ग्राम चचिया के धान खरीदी केंद्र को लेकर गांव के दो पक्ष अलग-अलग आवेदन लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने दोनों पक्षों को आपस में बैठकर सहमति बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि विवाद से केंद्र का संचालन प्रभावित हुआ तो परेशानी गांव के किसानों को ही होगी।
सरपंचों से मांगा अधूरे कामों का हिसाब
लबेद, बक्साही, अरसिया, रजगामार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने विकास कार्यों के लिए आवेदन दिए। कलेक्टर ने उनसे पहले से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड जैसे अधूरे कार्यों की प्रगति पूछी। उन्होंने कहा – पुराने काम जल्दी पूरे करेंगे तो नया काम भी स्वीकृत कर देंगे। इस पर सरपंचों ने कुछ दिनों में अधूरे कार्य पूर्ण करने का संकल्प लिया।
ग्राम तरदा के पास सड़क निर्माण से घर प्रभावित होने की शिकायत पर कलेक्टर ने सैटेलाइट चित्रों सहित अभिलेखों के आधार पर परीक्षण कराने को कहा। कुसमुंडा खदान परियोजना से जुड़े भू-विस्थापितों की समस्याओं पर भी उन्होंने नियमानुसार कार्यवाही की बात कही।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

