कोरबा, 26 अगस्त 2026 ग्राम पंचायत तिलकेजा में जिला खनिज न्यास (DMF) मद से हुए निर्माण में गबन का मामला सामने आया है। रामपुर विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि एवं युवा कांग्रेस (ग्रामीण) ब्लॉक अध्यक्ष जयकिशन पटेल ने 24 अगस्त को कलेक्टर जनदर्शन में इसकी लिखित शिकायत की है।
शिकायत में क्या है
जयकिशन पटेल ने अपने पत्र में बताया है कि ग्राम पंचायत तिलकेजा के प्राथमिक शाला कलमीभांठा में अहाता निर्माण के लिए DMF मद से 11.95 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे।
आरोप है कि पूर्व सरपंच कुलसिंह कंवर ने दो किश्तों में 9,47,500 रुपये की राशि निकाल ली, लेकिन मौके पर केवल 7,73,330 रुपये का ही काम कराया। शेष 1,74,170 रुपये का गबन कर काम अधूरा छोड़ दिया गया।
बच्चों की जान को खतरा
शिकायत में कहा गया है कि प्राथमिक शाला कलमीभांठा मुख्य जिला मार्ग पर स्थित है। अहाता अधूरा होने से स्कूली बच्चों की सुरक्षा खतरे में है और स्कूल परिसर की सुरक्षा व वृक्षारोपण कार्य भी पूरी तरह प्रभावित है।
जयकिशन पटेल ने कलेक्टर से मांग की है कि गबन की गई राशि की वसूली कर दोषी पूर्व सरपंच के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और अधूरे निर्माण को जल्द पूरा कराया जाए।








