लेबर पेमेंट, मास्टर रोल औरआवास सूची में गड़बड़ी का आरोप। ग्रामीणों का कहना है कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं।
कोरबा। मनरेगा और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता के दावों के बीच कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कनकी से भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है।
ग्राम पंचायत के सरपंच और समस्त पंचों ने संयुक्त रूप से कलेक्टर को पत्र लिखकर रोजगार सहायक ललिता राजवाड़े को पद से हटाने की मांग की है। आरोप है कि शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
क्या हैं आरोप
29 जुलाई 2026 को लिखे पत्र क्रमांक 66 में सरपंच श्रीमती फूलबाई मांझी ने लिखा है कि रोजगार सहायक द्वारा योजनाओं में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
आरोपों के अनुसार रोजगार सहायक बिना काम कराए अपने लोगों को लेबर पेमेंट दिलाती हैं, फर्जी तरीके से मास्टर रोल भरती हैं। ग्रामीणों के आवास सूची में नाम जोड़ने की मांग पर इंकार कर देती हैं और शासन की योजनाओं की सही जानकारी नहीं देतीं।
पत्र में स्पष्ट लिखा है कि “इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है” लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जनप्रतिनिधियों में आक्रोश
सरपंच और पंचों का कहना है कि रोजगार सहायक के इस रवैये से ग्राम पंचायत का कामकाज प्रभावित हो रहा है और हितग्राही परेशान हो रहे हैं। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए रोजगार सहायक के पद पर तत्काल नई भर्ती करने की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि जब जनप्रतिनिधि ही लिखित शिकायत कर रहे हैं और कार्रवाई नहीं हो रही, तो आम ग्रामीण कहां जाएं
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।

