कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक बाराती बस चालक ने रविवार को सड़क किनारे बनी गुमठीनुमा दुकानों में बस घुसा दी। हादसे में कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नशे में धुत चालक को गिरफ्तार कर बस को जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बस बारात लेकर जा रही थी। आरोप है कि चालक शराब के नशे में तेज रफ्तार से बस चला रहा था। बस में सवार बारातियों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
कमलीडुग्गू के पास बाराती बस से उतर गए। इसके बाद चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे बनी गुमठीनुमा दुकानों में जा घुसी। टक्कर से कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना के समय दुकानें बंद थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। चालक के नशे में होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और बारातियों ने उसे पकड़कर पीट दिया। इस दौरान बस के शीशे भी टूट गए।
सूचना पर पहुंची दर्री पुलिस ने भीड़ से चालक को छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक CG 10 BY 9200 को भी जब्त कर थाने लाया गया।
पुलिस ने चालक की पहचान नर्मदा दास, निवासी बरबसपुर, पोड़ी उपरोड़ा के रूप में की है। दर्री थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और लापरवाही से दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

