नाबालिगों की मारपीट से भड़का विवाद, CSEB चौकी पहुंचा मामला, कोरबा में देर रात तक अफरा-तफरी
कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पंप हाउस इलाके में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश ने तनाव का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद स्थिति इतनी बिगड़ी कि दोनों पक्ष सीधे CSEB पुलिस चौकी पहुंच गए और वहां देर रात तक जमकर हंगामा हुआ।
पुलिस सूत्रों के अनुसार विवाद की शुरुआत कुछ नाबालिग बच्चों के साथ हुई मारपीट से मानी जा रही है। पीड़ित पक्ष जब शिकायत लेकर CSEB चौकी पहुंचा, तो कुछ ही देर में दूसरे पक्ष के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से चौकी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। समय पर कार्रवाई न होने के कारण मामला बढ़ गया।
इस बीच कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर यह भी आरोप लगाया कि विवाद के पीछे CSEB चौकी में अस्थायी रूप से पदस्थ एक व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस ने की FIR, जांच जारी
सिविल लाइन पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति है और पुलिस बल तैनात है।

