बरपाली।ग्राम पंचायत बरपाली के अंतर्गत आने वाले गांव *डोंगरीभांठा* में पिछले एक सप्ताह से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से गांव में न बिजली आ रही है न कोई सुनवाई।
परेशान होकर सोमवार सुबह गांव की दर्जनों महिलाएं बरपाली विद्युत वितरण केंद्र पहुंच गईं और कार्यालय में ही धरना शुरू कर दिया।
रात में सांप-बिच्छू का डर, दिन में पानी का संकट”
गांव की महिलाओं का कहना है कि अंधेरे की वजह से रातभर नींद नहीं आती। घरों में पेयजल की सप्लाई ठप है, बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई और मोबाइल चार्जिंग भी बंद है। बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं।
बार-बार शिकायत करने पर भी विभाग सिर्फ “जल्द ठीक करेंगे” कहकर टाल रहा है। इसी से नाराज होकर महिलाओं ने चेतावनी दी कि जब तक गांव में नियमित बिजली शुरू नहीं होती, आंदोलन वापस नहीं होगा।
विभाग क्या बोला?
कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर खराब है और नया ट्रांसफार्मर आने के बाद ही लाइन सुधारी जा सकेगी। लेकिन कब आएगा इसकी कोई तारीख नहीं बताई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करे वरना आंदोलन को बड़ा रूप दिया जाएगा।

