यात्रियों की जान जोखिम में, पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज, बस जब्त
पसान/कोरबा, 03 जुलाई (करतला टाइम्स)। यात्री बस में शराब पीकर ड्राइविंग और पशु तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे पसान पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बस को रोका तो ड्राइवर शराब के नशे में धुत मिला।
यात्रियों की जान खतरे में डालकर बस चलाई जा रही थी। जब पुलिस ने बस की डिक्की खुलवाई तो नजारा देखकर होश उड़ गए। डिक्की में सामान की जगह क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर 11 बकरियां भरी हुई थीं। गर्मी और दम घुटने से कई बकरियों की हालत खराब थी।
पसान पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया और आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। ड्राइवर के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट, शराब पीकर वाहन चलाने और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सख्त केस दर्ज किया गया है। बरामद बकरियों को पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
पुलिस का बयान: “यात्री सुरक्षा से कोई समझौता नहीं। नशे में वाहन चलाने वालों और मूक जानवरों पर अत्याचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”


