वीडियो प्रस्तुति से बताए नशे के दुष्प्रभाव, CISF- SECL के सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प
*बिलासपुर/गेवरा, 1 जुलाई 2026।* केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई SECL बिलासपुर द्वारा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सहयोग से मंगलवार को गेवरा स्थित क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक व सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई। CISF के जवानों व अधिकारियों के साथ SECL प्रबंधन के अधिकारी-कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर नशा मुक्त समाज के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
समापन पर मुख्य अतिथि CISF इकाई SECL बिलासपुर के उप महानिरीक्षक श्री रघुबीर नरेन ने कहा, _“नशा घातक लत है जो तन, मन और धन तीनों को बर्बाद करती है। स्वस्थ राष्ट्र के लिए जरूरी है कि हम खुद नशे से दूर रहें और समाज को भी जागरूक करें।”_ उन्होंने नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


