तरदा में धड़ल्ले से अवैध रेत परिवहन, जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा में अवैध रेत परिवहन का खेल लगातार जारी है। मीडिया टीम की पड़ताल के दौरान क्षेत्र में कई ट्रैक्टर रेत का परिवहन करते नजर आए। बताया जा रहा है कि लंबे समय से हसदेव नदी से रेत निकालकर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है।
कवरेज के दौरान कुछ ट्रैक्टर चालकों से चर्चा में यह जानकारी सामने आई कि रेत का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किया जा रहा है। मौके पर ऐसे ट्रैक्टर भी दिखाई दिए जिनमें नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। स्थानीय स्तर पर यह भी बताया गया कि कुछ वाहन कथरीमाल निवासी साहेब लाल एवं अन्य लोगों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अवैध रेत परिवहन खुलेआम सड़कों पर दिखाई दे रहा है तो संबंधित विभागों की नजर इससे कैसे चूक रही है। बिना नंबर प्लेट के वाहनों का संचालन और रेत का परिवहन नियमों के अनुरूप है या नहीं, यह जांच का विषय है।
गौरतलब है कि कोरबा जिले में हाल ही में खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कई कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया गया है।
अब देखना होगा कि तरदा क्षेत्र में सामने आए इस मामले पर पुलिस विभाग और खनिज विभाग क्या कार्रवाई करते हैं तथा अवैध रेत परिवहन पर कब तक प्रभावी अंकुश लगाया जाता है


