*कोरबा।* आम नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस पर विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर पुलिस थाना कोरबा ने CEIR [Central Equipment Identity Register] पोर्टल की मदद से 75 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटा दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग ₹11.50 लाख बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने काम किया। उप निरीक्षक अजय सोनवानी और साइबर टीम का इसमें विशेष योगदान रहा।
टीम ने विभिन्न जिलों और राज्यों से गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। इनमें Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसे ब्रांड शामिल हैं। तकनीकी सहायता और CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइलों की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाया गया।
मंगलवार को साइबर पुलिस थाना कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में 75 मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ देखी गई। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि खोया हुआ मोबाइल वापस मिलेगा, लेकिन कोरबा पुलिस के प्रयासों से उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।
कोरबा पुलिस के मुताबिक पिछले 4 महीनों में 200 से अधिक गुम मोबाइल ट्रैक कर उनके स्वामियों को वापस दिलाए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पहल आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ाने और पुलिस-जनता के बीच भरोसा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

